Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हल्द्वानी, 19 जुलाई (हि. स.)। उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ ने परिवहन क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी है। महासंघ ने कहा कि शासन-प्रशासन से वार्ता के परिणाम के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो नई तिथि घोषित कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
महासंघ के तत्वावधान में रविवार को हल्द्वानी ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी ने की। बैठक में स्थानीय अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद परिवहन से जुड़ी लंबित समस्याओं, पुलिस उत्पीड़न, ओवरलोडिंग, राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) से संबंधित मुद्दों तथा अन्य प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रशासन की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन को देखते हुए महासंघ ने शासन-प्रशासन के साथ औपचारिक वार्ता जारी रखने का निर्णय लिया। महासंघ ने कहा कि वार्ता के नतीजों के बाद ही आंदोलन की अगली रूपरेखा तय की जाएगी।
महासंघ ने प्रदेशभर के ट्रक मालिकों और चालकों से अपील की है कि अगली तिथि घोषित होने तक शांति और संयम बनाए रखें और प्रशासन के निर्णय की प्रतीक्षा करें।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी, भास्कर जोशी, नीरज, प्रदेश प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा, ललित पाठक, दया किशन शर्मा, गिरीश मेलकानी, जय उप्रेती, हरीश जोशी, नवीन चंद्र उप्रेती, आफताब हुसैन, नवीन मेलकानी सहित महासंघ की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता