Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वाराणसी, 19 जुलाई (हि. स.)। जिले में खोजवा स्थित प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट की सूरत बदलने के लिए सामाजिक संगठन कोरल ग्रुप ने तमाम प्रयास किए। वर्तमान समय में विद्यालय में बच्चों के बैठने के लिए नई बेंच उपलब्ध कराने के साथ ही दीवारों की मरम्मत, रंगरोगन, मैदान सफाई का कार्य कराया गया है।
प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट की प्रधानाचार्य अंजू दुबे ने बताया कि सामाजिक संगठनों के माध्यम या सहयोग से बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक विद्यालय में तमाम कार्यों को कराया जाता रहा है। इस बार कोरल ग्रुप ने सहयोग किया है और विद्यालय की सूरत बदली है। बच्चों के लिए नई बेंच उपलब्ध हो गई है। जिससे बच्चों को पढ़ाई करने में सुविधा मिलेगी।
अंजू दुबे ने बताया कि कोरल ग्रुप ने एक माह पूर्व में विद्यालय परिवार से संपर्क किया था। इसके बाद उस समय की स्थिति के आधार पर बदलाव के लिए कार्यों को कराते हुए एक माह में सभी सहयोगी कार्यों को पूर्ण करा लिया।
कोरल ग्रुप के प्रबंध निदेशक खालिद ने कहा कि खोजवा के प्राथमिक विद्यालय में नए और आधुनिक फर्नीचर लगाए गए हैं। जिससे बच्चों को बैठाने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। जब बच्चे आराम से बैठ पाएंगे, तभी वह पढ़ने में अपना मन लगाएंगे। ग्रुप ने विद्यालय के विभिन्न आवश्यक कार्यों को कराया है। प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के भविष्य के लिए आगे भी हम अपना सहयोग देते रहेंगे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद