Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जौनपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर के सिरकोनी विकास खण्ड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा, परियांवा में कक्षा दो के छात्र को कमरे में बंद रह जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने तत्काल प्रभाव से सहायक अध्यापिका कृष्णा कुमारी को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, मुंगराबादशाहपुर को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
बीईओ सिरकोनी की आख्या के अनुसार 17 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि विद्यालय में कक्षा दो का छात्र विपिन निषाद अंदर बंद रह गया है। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान तथ्य सही पाया गया कि शिक्षकाें की छुट्टी के बावजूद छात्र कमरे के अंदर बंद रह गया था। घटना के बाद छात्र के अभिभावकों ने विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीर मानते हुए बीएसए समीर ने संबंधित शिक्षिका कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में कृष्णा कुमारी को उच्च प्राथमिक विद्यालय परियांवा (सिरकोनी) से संबद्ध किया गया है। बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि जांच निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि दोषी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रवीन्द्र कुमार मिश्र