Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

औरैया, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा के साथ स्वास्थ्य परीक्षण कैंप भी लगाया गया, जिसमें पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क उपचार, परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) पारस नाथ चौधरी ने बताया कि होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें होम्योपैथिक पद्धति से उपचार, स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और नि:शुल्क औषधियां प्रदान कीं। वहीं एलोपैथिक चिकित्सा शिविर में जिला चिकित्सालय के ऑर्थो सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन तथा महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक दवाएं वितरित कीं।
इसके अलावा टाटा एमजी, कानपुर नगर से आई स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में रक्तचाप, शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें भी की गईं तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक सलाह दी गई।
आरआई ने बताया कि पूरे शिविर के दौरान कुल 95 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं तथा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य पुलिस परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार