नवादा के वारिसलीगंज में 3 साइबर अपराधी गिरफ्तार
नवादा, 19 जुलाई (हि.स.)। नवादा जिले के वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर ठगों को फैक्ट्री से दूर एक नीम के पेड़ के नज
गिरफ्तार अपराधी


नवादा, 19 जुलाई (हि.स.)। नवादा जिले के वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर ठगों को फैक्ट्री से दूर एक नीम के पेड़ के नजदीक से पकड़ा।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान रवि रंजन कुमार एवं सनी कुमार , निवासी कोरमा तथा नीरज कुमार, निवासी, सिमरीडिह गांव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और बड़ी संख्या में ग्राहक डेटा की बरामदगी की गई है। अनुमान है कि आरोपी इसी डेटा का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फैक्ट्री के सुनसान इलाके में कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई तो तीनों आरोपी मोबाइल के जरिए लोगों से बात करते मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

बता दें कि थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी की सक्रियता से अब तक तकरीबन 355 साइबर अपराधियों को जेल की सलाखों में डाला गया है।

बावजूद इसके इस अवैध धंधे में कमी नहीं आ रही है। युवा आसान पैसे के लालच में इस गिरोह से जुड़ रहे हैं।

पुलिस ने रविवार को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और बरामद मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि साइबर ठगी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन