विद्यालय प्रबंधन समितियां करवा सकेंगी एक लाख तक विकास कार्य
-मुख्यमंत्री ने स्कूलों के मूल्यांकन के लिए ‘सच’ पोर्टल को किया लांच -एडीसी की मंजूरी के बाद 25 लाख तक होगी सीमा -‘विद्यालय प्रबंधन समितियों’ के साथ किया राज्य स्तरीय संवाद चंडीगढ़, 19 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज घ
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी स्कूल प्रबंधन समितियाें की बैठक लेते हुए


-मुख्यमंत्री ने स्कूलों के मूल्यांकन के लिए ‘सच’ पोर्टल को किया लांच

-एडीसी की मंजूरी के बाद 25 लाख तक होगी सीमा

-‘विद्यालय प्रबंधन समितियों’ के साथ किया राज्य स्तरीय संवाद

चंडीगढ़, 19 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज घोषणा की कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खंड स्तर पर सर्वोत्तम कार्य करने वाली ‘विद्यालय प्रबंधन समितियों’ को ईनाम के तौर पर 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस राशि का उपयोग स्कूल के विकास में किया जाएगा। इसमें सर्वोत्तम विद्यालय प्रबंधन समिति का चयन सच पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।इसके अलावा सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों को पेयजल का टैंक ठीक करवाने,टॉयलेट एवं दीवार की मरम्मत जैसे छोटे-मोटे एवं आवश्यक कार्यों के लिए एक लाख रुपए तक खर्च करने की शक्तियां दी जाएंगी। अतिरिक्त उपायुक्त की स्वीकृति के बाद 25 लाख रुपये तक खर्च करने की अनुमति होगी।

मुख्यमंत्री रविवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास से राज्य के सरकारी स्कूलों की विद्यालय प्रबंधन समितियों के साथ सीधा राज्यस्तरीय संवाद कर रहे थे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर सरकारी स्कूलों के मूल्यांकन के लिए ‘सच’ नामक पोर्टल को भी लांच किया। नायब सिंह सैनी ने रविवार को प्रत्येक जिला के एक स्कूल की विद्यालय प्रबंधन समिति से वीडियो कांफ्रैसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया।

उन्होंने सभी समितियों के अध्यक्ष,सचिव एवं सदस्यों से स्वच्छता,पेयजल की व्यवस्था,टॉयलेट, स्टेडियम,स्कूल में बच्चों की संख्या,बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम, सुपर -100 एवं बुनियाद कार्यक्रम में बच्चों का प्रवेश के अलावा आईआईटी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खिलाडिय़ों का प्रदर्शन से लेकर विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठकों एवं पीटीएम को लेकर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा एवं उनके स्कूलों की बेहतरी के लिए सुझावों तथा आवश्यकताओं पर भी बातचीत की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरुप हरियाणा सरकार स्कूली शिक्षा को गुणवत्तापरक एवं संस्कारवान बनाने पर जोर दे रही है।

उन्होंने स्कूलों के मुखियाओं से भी आह्वान किया कि सभी अध्यापक,विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बच्चे स्कूल परिसर में पौधरोपण करें। बच्चों को ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने के लिए प्रेरित करें।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने भी विद्यालय प्रबंधन समिति को शिक्षा के क्षेत्र में एक मजबूत कड़ी बताया और समिति के सदस्यों को सरकारी स्कूलों में रजिस्ट्रेशन बढ़ाने में सहयोग करने का आह्वान किया। इस बार बोर्ड परीक्षाओं में सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम बेहतर आने पर विद्यार्थियों,शिक्षकों,स्कूल मुखियाओं समेत अधिकारियों की पीठ थपथपाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा