Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कटिहार, 19 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार के 'सात निश्चय-3 (2025-2030) उन्नत शिक्षा उज्ज्वल भविष्य' के तहत रविवार को कटिहार जिले के सभी 16 प्रखंडों में 'सरस्वती विद्या निकेतन' (आदर्श विद्यालय) का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कटिहार के जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने फलका प्रखंड स्थित शिव नारायण सर्वोदय एच एस बरेटा विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिरकत की।
इस योजना का राज्यस्तरीय मुख्य समारोह बेगूसराय में आयोजित किया गया, जहां बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य भर के कुल 551 सरस्वती विद्या निकेतन का एक साथ लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने की। समारोह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री सह केंद्रीय वस्त्र मंत्री विजय चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के सभी आदर्श विद्यालयों में किया गया, जिसे स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ देखा।
इन 'सरस्वती विद्या निकेतन' (आदर्श विद्यालयों) की स्थापना का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित करना है। इन विद्यालयों में अब छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ स्मार्ट कक्षाएं, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) आधारित अत्याधुनिक शिक्षा, विज्ञान और कंप्यूटर लैब, समृद्ध पुस्तकालय और खेलकूद की विशेष सुविधाएं मिलेंगी, जिससे बच्चों के समग्र व्यक्तित्व का विकास सुनिश्चित हो सकेगा।
कटिहार जिले के जिन 16 विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विकसित किया गया है, उनमें हाई स्कूल हाफलागंज (कटिहार), राजेंद्र हाई स्कूल धनपारा (मनसाही), एल.एस.एच.एस. नवाबगंज (मनिहारी), उत्क्रमित माध्यमिक स्कूल कटारिया (कुर्सेला), एस.जे.एन.सी. हाई स्कूल बरेटा (बरारी), शिव नारायण सर्वोदय एचएस बरेटा (फलका), अपग्रेडेड हाई स्कूल जनता गोपालपुर (अमदाबाद), यूएचएस कल्याणगांव (बलरामपुर), अपग्रेडेड हाई स्कूल दिघारी (कोढ़ा), अपग्रेडेड हाई स्कूल पेरहभेली (कदवा), उत्क्रमित माध्यमिक स्कूल मल्हरिया (समेली), हाई स्कूल आबादपुर (बारसोई), आर.के. हाई स्कूल (आजमनगर), अपग्रेडेड हाई स्कूल पदमपुर (हसनगंज), अपग्रेडेड हाई स्कूल टिकैली (डंडखोरा) और उत्क्रमित माध्यमिक स्कूल बुध नगर (प्राणपुर) शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह