Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जताया है। रविवार को जयपुर सहित करीब 10 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कोटपुतली-बहरोड़ के विराटनगर में 27 मिमी तथा भरतपुर के रूपवास में 24 मिमी वर्षा हुई। जयपुर में भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी दर्ज की गई।
बारिश की सीमित गतिविधियों के बीच प्रदेश के कई शहरों में गर्मी का असर बना रहा। चूरू में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे गर्म रात रही।
मौसम विभाग के अनुसार चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और फतेहपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं श्रीगंगानगर, जयपुर, फलौदी और बीकानेर में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। इसके अलावा चित्तौड़गढ़, माउंट आबू, दौसा, धौलपुर, करौली सहित कई स्थानों पर भी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर परिसंचरण तंत्र में परिवर्तित हो गया है। मानसून ट्रफ लाइन अमृतसर, करनाल और रांची से होकर गुजर रही है। उन्होंने बताया कि पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आगामी दो दिन तक कमजोर मानसूनी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं। हालांकि, 20 और 21 जुलाई से कोटा, भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 22 और 23 जुलाई से कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर तथा उदयपुर संभाग के अधिक क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं 22 से 28 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी वर्षा गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश