Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गोलाघाट (असम), 19 जुलाई (हि.स.)। असम के कृषि, सिंचाई एवं संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने रविवार को गोलाघाट जिले के खुमटाई विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर कृषि गतिविधियों और सिंचाई परियोजनाओं का जायजा लिया तथा किसानों से संवाद किया।
मंत्री ने थुरामुख क्षेत्र में किसानों से मुलाकात की, जो प्रतिकूल मौसम के बावजूद खेती के कार्य में जुटे थे। किसानों ने बताया कि वर्ष में तीन फसलों की खेती तथा खीरा और लौकी जैसी बागवानी फसलों से उन्हें बेहतर लाभ मिल रहा है।
पीयूष हजारिका ने किसानों से सुपारी और काली मिर्च जैसी समानांतर फसलों की खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे किसानों की आय में कई गुना वृद्धि हो सकती है।
किसानों ने सिंचाई, कृषि उपज के विपणन, कोल्ड स्टोरेज और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की ओर से आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
दौरे के दौरान मंत्री ने फलांगनी स्थित लिफ्ट सिंचाई परियोजना का भी निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों के साथ जिले में चल रही सिंचाई योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिया कि परियोजना की कार्यक्षमता बढ़ाकर अधिक से अधिक कृषि भूमि तक सिंचाई सुविधा सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर खुमटाई के विधायक मृणाल सैकिया भी मंत्री के साथ मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश