Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पंतनगर, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के पंतनगर और नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के बीच पहली जुलाई से बड़े ज़ोर-शोर से शुरू हुई हवाई सेवा यात्रियों के टोटे से कुछ ही दिनों में ही लड़खड़ाने लगी हैं। सप्ताह भर में एक उड़ान बंद करने के बाद अब दूसरी उड़ान में भी यात्रियों का टोटा होने लगा है।
बता दें कि इस नई हवाई सेवा के तहत पंतनगर एयरपोर्ट से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के बीच इंडिगो कंपनी के 78 सीटर विमान की दिन में दो उड़ानें निधार्रित की गई थीं। रोज़ाना इन दो उड़ानों के मद्देनज़र पंतनगर से दिल्ली के बीच पहले से चल रही दो उड़ानों में से दोपहर की हवाई सेवा बंद कर दी गई थी। इधर यात्रियों का टोटा होने के कारण पंतनगर और नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के बीच चल रही दो उड़ानों में से एक को बंद करना पड़ा। अब वर्तमान में एक ही उड़ान पंतनगर-दिल्ली के बीच और एक उड़ान पंतनगर- जेवर एयरपोर्ट के बीच संचालित हो रही है।
पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि मौजूदा समय में पंतनगर और जेवर एयरपोर्ट के बीच उड़ान में 78 सीटर विमान की लगभग आधी सीटें ख़ाली रह जा रही हैं। पंतनगर आने वाले यात्रियों की संख्या के मुकाबले जाने वाले यात्रियों की संख्या में ख़ासी कमी आई है।
उनके अनुसार यात्रियों की यह कमी बारिश के मौसम की वजह से है। साथ ही बताया कि इस बारिश के मौसम में भी विज़िबिलिटी की समस्या नहीं है और पंतनगर एयरपोर्ट से दिल्ली और जेवर एयरपोर्ट के बीच रोज़ाना निधार्रित समय पर विमान उड़ान जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी