पंचायत परिसीमन का मुखिया संघ ने किया स्वागत, वित्त आयोग की राशि जल्द जारी करने की मांग
सुपौल, 19 जुलाई (हि.स.)। प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टीसीपी भवन में शनिवार को राघोपुर प्रखंड मुखिया संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष प्रकाश कुमार यादव ने की। इस दौरान बिहार सरकार द्वारा पंचायत परिसीमन की प्रक्रिया शुरू क
Sandh


सुपौल, 19 जुलाई (हि.स.)। प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टीसीपी भवन में शनिवार को राघोपुर प्रखंड मुखिया संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष प्रकाश कुमार यादव ने की।

इस दौरान बिहार सरकार द्वारा पंचायत परिसीमन की प्रक्रिया शुरू किए जाने का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 16वें वित्त आयोग की राशि शीघ्र जारी करने तथा षष्ठम वित्त आयोग की लंबित राशि का भुगतान जल्द करने की मांग उठाई गई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि करीब 36 वर्षों बाद पंचायत परिसीमन की प्रक्रिया शुरू होना ग्रामीण प्रशासन और विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम है। लंबे समय से परिसीमन नहीं होने के कारण कई पंचायतों में प्रशासनिक कार्यों के संचालन और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। नई व्यवस्था लागू होने से पंचायतों का संतुलित विकास होगा और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता व प्रभावशीलता बढ़ेगी।

मुखिया संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायतों में विकास योजनाओं के संचालन के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने सरकार से 16वें वित्त आयोग की राशि शीघ्र जारी करने और षष्ठम वित्त आयोग की लंबित राशि का भुगतान करने की मांग करते हुए कहा कि राशि के अभाव में कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। समय पर राशि उपलब्ध होने से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी।

बैठक में पंचायतों के समग्र विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंचायतों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिल सके।

बैठक में बौरहा पंचायत के मुखिया दिनेश मेहता, हरिराहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ टुनटुन, हरिपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जमील अनवर उर्फ टुन्ना जी, मोतीपुर पंचायत के मुखिया रामचंद्र राम, परमानंदपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो. अखलाक, हुलास पंचायत के मुखिया अनिल सरदार, डुमरी पंचायत के मुखिया गजेंद्र यादव, विशनपुर दौलत पंचायत के मुखिया भूपेंद्र मेहता सहित कई मुखिया एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र