Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी भागलपुर की अध्यक्षता में रविवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों में की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवंटित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान डीएम ने सुल्तानगंज प्रखंड परिसर, रेलवे स्टेशन, बाबा चौक, कृष्णगढ़, कमराय, बूढ़ानाथ, सीढ़ी घाट, नमामि गंगे घाट, अजगैबीनाथ मंदिर, शाहाबाद चौक एवं गांधी बेलारी सहित सभी प्रमुख मेला क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान सफाई, पेयजल, शौचालय, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, नियंत्रण कक्ष, पुलिस आवासन, स्वास्थ्य शिविर, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी तथा अग्नि एवं आपदा सुरक्षा उपायों को समय पर पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया।
डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों का नियमित निरीक्षण करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा, स्वच्छता, सुगम यातायात एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में सभी विभागीय पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने तथा मेला अवधि के दौरान त्वरित समन्वय एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता एवं समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर