अरब सागर में हाई टाइड लहरों का ऑरेंज अलर्ट, मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी
Orange Alert for High Tides in the Arabian Sea; Fishermen Warned Against Venturing Out
अरब सागर में हाई टाइड लहरों का ऑरेंज अलर्ट, मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी


मुंबई, 19 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने अरब सागर में उंची लहरें उठने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। साथ ही तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। अरब सागर में महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में हाई टाइड के दौरान उंची लहरे उठेंगी और समंदर खतरनाक स्थिति में रहेगा।

आपदा प्रबंधन ने साफ किया है कि अरब सागर में कम तीव्रता वाले भूकंप के कारण कोई समुद्री खतरा नहीं है. हाई टाइड के समय मछुआरों से गहरे समुद्र में मछली पकड़ने से बचने, नावों, ट्रॉलरों, मछली पकड़ने के उपकरणों को किनारे पर सुरक्षित रूप से बांधकर रखने कहा गया है। तटीय निवासियों, पर्यटकों और बच्चों को बीच या चट्टानी इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है। स्थानीय मत्स्य पालन विभाग, तटीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन करने का सुझाव दिया गया है।

शनिवार सुबह वसई-विरार तट से करीब 57 किमी दूर अरब सागर में 5 किमी की गहराई पर कम तीव्रता का भूकंप आया था। स्पष्ट किया गया है कि इससे सुनामी का कोई खतरा नहीं है। सुबह 9:33 बजे रिक्टर स्केल पर 3.2 तीव्रता का भूकंप मापा गया था। इस भूकंप के झटके जमीन पर कहीं भी महसूस नहीं हुए और किसी नुकसान की खबर नहीं है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने भी साफ किया है कि लोग अफवाहों पर विश्वास न करें। इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज ने कोई सुनामी चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार