Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


लखनऊ, 19 जुलाई (हि.स.)। केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने रविवार को लखनऊ में कहा कि युवाओं को अपने करियर के निर्माण के साथ-साथ देश को आगे बढ़ाने के बारे में भी सोचना चाहिए। वह युवा कार्यक्रम विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित क्षेत्रीय चिंतन शिविर को संबोधित कर रही थीं।
विकसित युवा बनाएगा विकसित भारत विषय पर आयोजित क्षेत्रीय चिंतन शिविर के सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें प्रेरित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी युवा अधिकारियों की है। उन्होंने कहा, आप जमीनी स्तर पर कार्य करते हैं, इसलिए चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझते हैं, सही प्रश्न पूछते हैं और व्यावहारिक समाधान खोजते हैं। यही प्रतिबद्धता प्रत्येक प्रस्तुति में स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। वे भारत का भविष्य लिखेंगे और आप सभी के पास युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का अवसर है।
युवा कार्यक्रम विभाग के संयुक्त सचिव शिव रतन ने कहा कि विभिन्न मंत्रालयों की माय भारत के साथ साझेदारी में बढ़ती रुचि इस मंच के युवा सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में उभरने का प्रमाण है। उन्होंने कहा, हर राज्य की अपनी चुनौतियाँ होती हैं और प्रत्येक चुनौती के लिए राज्य-विशिष्ट समाधान आवश्यक है।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए माय भारत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ प्रियंका शुक्ला ने अधिकारियों को युवा सहभागिता के लिए नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समापन सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश को माय भारत पंजीकरण की सर्वाधिक संख्या के आधार पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के रूप में सम्मानित किया गया, जबकि दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव केंद्र शासित प्रदेश को अपनी युवा जनसंख्या के अनुपात में सर्वाधिक पंजीकरण प्रतिशत प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन