मुर्शिदाबाद पुलकार हादसे के बाद छात्रों को ट्रैफिक पुलिस ने किया जागरूक
शांतिपुर बी.एड. कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया
ट्रैफिक को लेकर जागरूकता कार्यक्रम करते पुलिस


जागरूकता अभियान में शामिल पुलिस अधिकारी


कोलकाता, 19 जुलाई (हि.स.)।

मुर्शिदाबाद में ट्रेन और पुलकार की टक्कर में कई छात्रों की दर्दनाक मौत के बाद सड़क और रेल सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नदिया के शांतिपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष पहल की। शांतिपुर बी.एड. कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिस ने रेल फाटक पार करते समय सावधानी बरतने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने तथा वाहनों की नियमित फिटनेस जांच कराने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया गया।

शांतिपुर ट्रैफिक थाना के प्रभारी दीपक सिकदार ने कहा कि मुर्शिदाबाद जैसी दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसी उद्देश्य से यह जागरूकता अभियान चलाया गया है। उनका कहना है कि यदि लोग यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षा के प्रति जागरूक हों, तो कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

प्रशासन को उम्मीद है कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने पर छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आम लोगों में भी सुरक्षित सड़क उपयोग की आदत विकसित होगी और भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा