मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, ड्रग्स तस्कर, उग्रवादी और रंगदारी वसूलने के आरोपित गिरफ्तार
इंफाल, 19 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर में बीते 24 घंटे में सुरक्षा बलों ने विभिन्न जिलों में लगातार अभियान चलाकर ड्रग्स तस्करों, उग्रवादियों और रंगदारी वसूलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ, हथियार और गोला-बारूद भी
Images Related to the Manipur Operations.


इंफाल, 19 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर में बीते 24 घंटे में सुरक्षा बलों ने विभिन्न जिलों में लगातार अभियान चलाकर ड्रग्स तस्करों, उग्रवादियों और रंगदारी वसूलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ, हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए।

'वार ऑन ड्रग्स' अभियान के तहत 18 जुलाई को सुरक्षा बलों ने खुमान लम्पाक क्षेत्र से मोहम्मद युसुब उर्फ काकी उर्फ जाकिर (41) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 6.2 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन (आइस ड्रग्स) के छह पैकेट और एक टीवीएस जुपिटर स्कूटर बरामद किया गया।

इसी दिन इंफाल पूर्व जिले के हेंगांग थाना क्षेत्र से यूआरएफ (यूनाइटेड रिवोल्यूशनरी फ्रंट) के सक्रिय उग्रवादी मोहम्मद लेहिमुद्दीन उर्फ यांगबा (37) को भी गिरफ्तार किया गया।

चुराचांदपुर जिले के थिंगकांगफाई गांव में सुरक्षा बलों ने एक बोलेरो वाहन की तलाशी के दौरान ब्राउन शुगर होने के संदेह वाले 81 साबुनदानी पैकेट बरामद किए। वाहन चालक मंगखानथांग किपगेन (33) को गिरफ्तार किया गया। वह डीआरआई के कई एनडीपीएस मामलों में वांछित बताया जा रहा है।

छह नगा व्यक्तियों के अपहरण और हत्या के मामले की जांच के दौरान एनआईए, मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने लुंगौलाल वैफेई और लुनमिनथांग सितल्हौ उर्फ जैक को गिरफ्तार किया। मामले से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

कांगपोकपी जिले के कोटलेन स्थित जीरो प्वाइंट क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया। बरामद सामान में एक .22 राइफल, 15 सिंगल बैरल राइफलें, तीन 9 एमएम पिस्तौल, एक .22 पिस्तौल, पांच इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार, 107 जीवित कारतूस, 205 खाली कारतूस, चार मोटोरोला बैटरियां और एक पीईके शामिल हैं।

17 जुलाई को इंफाल पूर्व जिले से केसीपी (सिटी मैतेई) के सक्रिय उग्रवादी और कथित रंगदारी वसूलने वाले खुंडोंगबम इथोई सिंह (32) को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, चंदेल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के निकट केवाईकेएल के सक्रिय उग्रवादी यांगाबाम बोइचा मैतेई उर्फ बोइनाओ (29) को एक देशी .22 पिस्तौल और मोटोरोला संचार सेट के साथ गिरफ्तार किया गया।

सुरक्षा बलों ने कहा कि राज्य में उग्रवाद, मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश