Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सारण, 19 जुलाई (हि.स.)। छपरा नगर निगम क्षेत्र में बुडको द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्यों में अनियमितता, ढिलाई और कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराते हुए मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने सांसद राजीव प्रताप रूडी और नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को पत्र भेजकर उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है।
सांसद राजीव प्रताप रूडी ने भी शहर के विकास के लिए मेयर को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। मेयर ने अपने पत्र में शहर के 50 से अधिक स्थानों पर मानकविहीन और आधे-अधूरे निर्माण का ब्यौरा साझा किया है। उन्होंने बताया कि श्यामचक से दारोगा राय चौक तथा थाना चौक के बीच मुख्य नाले का काम अब तक अधूरा है, जिससे मोहल्लों की जल निकासी ठप है।
बुडको की इस लापरवाही का खामियाजा शहर की करीब चार लाख की आबादी भुगत रही है। ब्रह्मपुर, बस स्टैंड, मौना, गांधी चौक और कचहरी स्टेशन रोड जैसे व्यस्ततम व व्यावसायिक इलाकों में जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। नालों के स्लैब की ऊंचाई भी मानक के अनुरूप नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
इसके अलावा नमामि गंगे योजना के तहत शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले खनुआ नाला निर्माण में भी भारी शिथिलता बरती जा रही है। जगदम कॉलेज और सरकारी बाजार जैसे मुख्य स्रोतों से जुड़ने वाले इस नाले का काम अत्यंत धीमी गति से चल रहा है।
वहीं मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत सलेमपुर से शिल्पी चौक के बीच बने नाले में ढलान और ऊंचाई का तालमेल पूरी तरह गायब है। मेयर ने कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में स्थिति बेहद भयावह हो जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार