Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली रोड स्थित होटल फेयरमोंट में रविवार से दो दिवसीय इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव (आईडब्ल्यूटीसी) सीजन-3 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी तथा आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कुंडला दुर्गेश ने किया। कॉन्क्लेव में देश-विदेश से 600 से अधिक प्रतिनिधि वेडिंग, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के भविष्य, नवाचार और वैश्विक सहयोग पर मंथन कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान में पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने आयोजकों से अप्रैल से अक्टूबर के ऑफ-सीजन में भी अधिक वेडिंग, कॉर्पोरेट और पर्यटन आधारित कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि पर्यटन गतिविधियां सालभर बनी रहें और रोजगार व अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिले। उन्होंने जयपुर, उदयपुर और जोधपुर के साथ बीकानेर, जैसलमेर, पुष्कर, शेखावाटी, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, भरतपुर, सवाई माधोपुर, कुंभलगढ़, राजसमंद, बूंदी और कोटा जैसे कम चर्चित पर्यटन स्थलों को भी समान रूप से बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कुंडला दुर्गेश ने कहा कि राज्य के समुद्री तटों, आध्यात्मिक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक वेडिंग एवं पर्यटन उद्योग से जोड़ने में ऐसे मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कॉन्क्लेव में ऋतुराज खन्ना ने वेडिंग इंडस्ट्री में प्रोफेशनलिज्म, नवाचार और नेटवर्किंग की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं अंतरराष्ट्रीय पैनल चर्चा में कैप्टन बाली, वियतनाम के न्गुएन ट्रुंग हियू, फ्रांस के जीन ल्यूक बेनहेम और इस्लाम चौधरी ने वैश्विक डेस्टिनेशन वेडिंग्स की चुनौतियों और संभावनाओं पर विचार साझा किए।
सुनीत आर्या ने अमेरिका में भारतीय वेडिंग बाजार की बढ़ती संभावनाओं पर प्रस्तुति देते हुए बताया कि भारतीय वेडिंग इंडस्ट्री वैश्विक स्तर पर 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का बाजार बन चुकी है। कॉन्क्लेव के प्रमुख आकर्षण मॉक बारात और 'वेड-वाह' ब्राइडल स्टाइल वॉक रहे। ब्राइडल शो में मिस राजस्थान और मिसेज राजस्थान की मॉडल्स ने डिजाइनर मधुर चेतवानी के ब्राइडल कलेक्शन का प्रदर्शन किया। शो का निर्देशन निमिषा और योगेश मिश्रा, मेकअप जस्सी छाबड़ा, कोरियोग्राफी सुधीर राजोरा ने की, जबकि मिस ओशन इंडिया हिना ठाकुर शो स्टॉपर रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश