पन्ना में ट्रेन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत, वन विभाग ने डॉग स्क्वाड के साथ शुरू की जांच
पन्ना, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के दक्षिण वनमंडल अंतर्गत रैपुरा वन परिक्षेत्र में रविवार को रेलवे ट्रैक पर एक वयस्क तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। रतनगांव के समीप हुई इस घटना की सूचना सुबह रेलवे के ट्रैक अनुरक्
म़त पडा तेंदुआ एवं वन विभाग की टीम


पन्ना, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के दक्षिण वनमंडल अंतर्गत रैपुरा वन परिक्षेत्र में रविवार को रेलवे ट्रैक पर एक वयस्क तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। रतनगांव के समीप हुई इस घटना की सूचना सुबह रेलवे के ट्रैक अनुरक्षण कर्मियों ने वन विभाग को दी, जिसके बाद अधिकारी और वन अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, हालांकि, वन विभाग सभी पहलुओं की गहन जांच कर रहा है ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके।

डॉग स्क्वाड की मदद से की जा रही सघन पड़ताल

घटना की जांच के लिए वन विभाग ने घटनास्थल और आसपास के जंगलों में व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया है। डॉग स्क्वाड की सहायता से इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों और रेलवे के ट्रैक अनुरक्षण कर्मियों से भी पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

ट्रेन की टक्कर की आशंका सबसे प्रबल

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब तक मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से यही संकेत मिल रहे हैं कि तेंदुए की मौत ट्रेन की टक्कर से हुई है, हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

वन विभाग ने घटना का पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी और तकनीकी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षा के मद्देनज़र रेलवे ट्रैक के आसपास संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे