Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 19 जुलाई (हि.स.)। शहर स्थित बंदोबस्त कार्यालय में अज्ञात चोरों ने शनिवार रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोर कार्यालय का मुख्य द्वार और विभिन्न कमरों के ताले तोड़कर टीवी, इन्वर्टर, बैटरी, रूम हीटर, एसी का कॉपर पाइप, स्टैंड फैन सहित कई सरकारी सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई, जब कार्यालय के कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे। कर्मचारियों ने कार्यालय का मुख्य द्वार खुला और ताला टूटा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई।
जांच के दौरान पाया गया कि आईआईसी रूम और बंदोबस्त पदाधिकारी के प्रकोष्ठ का ताला भी टूटा हुआ था। कमरों की तलाशी लेने पर कई सरकारी उपकरण गायब मिले, जिससे कार्यालय में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कार्यालय के प्रभारी प्रधान सहायक अरुण कुमार पासवान ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर चोरों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरों ने पूरी योजना के तहत सरकारी कार्यालय को निशाना बनाया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सरकारी कार्यालय में हुई चोरी की इस घटना से कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।
इस संबंध में रविवार को सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह