Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-छह जिलों से मांगी परीक्षा केंद्रों की रिपोर्ट
चंडीगढ़, 19 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने ग्रुप-सी संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) की प्रस्तावित लिखित परीक्षाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोग की ओर से पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत के उपायुक्तों को पत्र जारी कर जिलों में उपलब्ध परीक्षा केंद्रों की रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने स्कूलों, कॉलेजों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और विश्वविद्यालयों की अधिकतम बैठने की क्षमता का विवरण पांच दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
एचएसएससी की ओर से जिला उपायुक्तों को जारी गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि आयोग अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान विभिन्न ग्रुप-सी पदों के लिए सीईटी द्वितीय चरण की लिखित परीक्षाएं आयोजित करने की योजना बना रहा है। इसके लिए 22 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक शनिवार और रविवार को कुल 19 संभावित परीक्षा तिथियां निर्धारित की गई हैं।
आयोग ने जिला प्रशासन से जिला मुख्यालय और उपमंडल मुख्यालय स्तर पर स्थित सभी संभावित परीक्षा केंद्रों की सूची, उनकी फर्नीचर सहित अधिकतम सीटिंग क्षमता तथा परीक्षा संचालन की उपलब्धता की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही यह भी स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रस्तावित तिथियों पर किसी केंद्रीय या राज्य सरकार अथवा अन्य संस्था की कोई परीक्षा पहले से निर्धारित तो नहीं है।
आयोग ने संबंधित उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभागों के महानिदेशकों, विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों तथा जिला शिक्षा अधिकारियों को भी इस संबंध पत्र भेजा है, ताकि परीक्षा केंद्रों के चयन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। आयोग के इस कदम को आगामी ग्रुप-सी सीईटी की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता और क्षमता का आकलन होने के बाद आयोग परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप दे सकता है। हालांकि आयोग ने अभी परीक्षा की आधिकारिक तिथियों की घोषणा नहीं की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा