Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खड़गपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने रविवार को खड़गपुर महकमा के अंतर्गत विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्र के उद्योगों की वर्तमान स्थिति, समस्याओं तथा संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उद्योग प्रतिनिधियों ने औद्योगिक विकास, रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा प्रशासन और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में अपने सुझाव और विचार रखे। दिलीप घोष ने प्रतिनिधियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को समय की आवश्यकता बताया।
उन्होंने कहा कि उद्योगों की प्रगति से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होते हैं। उन्होंने सभी पक्षों के सहयोग से खड़गपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक वातावरण को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।
बैठक में क्षेत्र के औद्योगिक विकास, निवेश को प्रोत्साहन देने तथा स्थानीय युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के विषय में भी चर्चा हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता