Enter your Email Address to subscribe to our newsletters




सारण, 19 जुलाई (हि.स.)।
जिलाधिकारी के कड़े निर्देश और मेयर व नगर आयुक्त की पहल पर नगर निगम ने भगवान बाजार थाना रोड के नाला निर्माण अनियमितता मामले में कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर नाला निर्माण संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने एक्शन लेते हुए न सिर्फ खराब निर्माण को ध्वस्त कराया बल्कि ठेकेदार के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने नगर आयुक्त रंजीत कुमार को तत्काल जांच के आदेश दिए थे। इसके आलोक में नगर आयुक्त ने कार्यपालक, सहायक और कनीय अभियंताओं की टीम के साथ स्थल का निरीक्षण किया। पहली नजर में ही तकनीकी मानकों और गुणवत्ता में कमियां पाए जाने पर, नगर आयुक्त के निर्देश पर दोषपूर्ण निर्मित नाले को तुरंत तोड़कर हटा दिया गया।
साथ ही संबंधित संवेदक के खिलाफ संविदा की शर्तों के तहत दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नगर आयुक्त ने अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रत्येक स्तर पर सतत निगरानी रखते हुए स्वीकृत डिजाइन के अनुरूप ही नाले का पुनर्निर्माण कराया जाए।
दूसरी ओर मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जनहित के सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही पूरे होंगे और लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मेयर ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में किसी भी विकास कार्य में अनियमितता या घटिया निर्माण दिखाई दे, तो साक्ष्यों के साथ नगर निगम में लिखित शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि जनता की जागरूकता और सहभागिता से ही शहर के विकास को सही गति और पारदर्शिता दी जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार