Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले एक महीने में सड़क हादसों में 10 लोगों की जान जा चुकी है। ताजा हादसा रविवार सुबह करीब 10 बजे सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग (एनएच-22) पर मदरिया पावर हाउस के समीप हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार नवविवाहित दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में 20 वर्षीय रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति जुल्फिकार गंभीर रूप से घायल हो गए।
रोशनी मुंगेर जिले के मिर्जापुर बरदह की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि वह अपने मायके बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के चुटिया बेलारी गांव से पति के साथ बाइक से मुंगेर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। परिजन के मुताबिक, दोनों की शादी 2 जुलाई को हुई थी। नई जिंदगी की शुरुआत हुए अभी 17 दिन ही बीते थे कि एक सड़क हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। घायल पति ने बताया कि दोनों अपने वैवाहिक जीवन को लेकर बेहद खुश थे, लेकिन एक पल में उनकी दुनिया उजड़ गई। हाथों की मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था कि नवविवाहिता हमेशा के लिए इस दुनिया से विदा हो गई। नई-नई बसी गृहस्थी एक झटके में बिखर गई और परिवार में मातम पसर गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर