सिपाही भर्ती में सेटिंग कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, अभ्यर्थियों के दस्तावेज और कारतूस बरामद
कटिहार, 19 जुलाई (हि.स.)। कटिहार पुलिस ने मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कई अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रम
पुलिस के गिरफ्त में आरोपी


कटिहार, 19 जुलाई (हि.स.)। कटिहार पुलिस ने मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कई अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, विभिन्न बैंकों के हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, 6 जिंदा कारतूस और 500 रुपये के हस्ताक्षरित स्टाम्प पेपर बरामद किए हैं। यह गिरोह अंतिम रूप से चयन सुनिश्चित कराने के नाम पर प्रति अभ्यर्थी 10 लाख रुपये की अवैध वसूली करता था।

कुर्सेला थाना पुलिस 18 जुलाई को दोपहर करीब 01:10 बजे बल्थी महेशपुर क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस जांच देखकर दूर से ही मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में उनकी पहचान पूर्णिया जिले के टिक्कापट्टी थाना के सफहा निवासी सोनू कुमार (26 वर्ष, पिता- भुट्टो सिंह) और पुरानी नंदगोला निवासी साहिल कुमार (22 वर्ष, पिता- भूमेश्वर साह) के रूप में हुई। विधिवत तलाशी में उनके पास से मैट्रिक और इंटर के कई मूल सर्टिफिकेट, 2 मोबाइल फोन और 6 जिंदा कारतूस मिले। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने सिपाही भर्ती परीक्षा में सेटिंग कराने का अपना जुर्म कबूल कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने अन्य सहयोगियों— सुजीत (पटना निवासी), मिथुन कुमार और संजय कुमार (दोनों सफहा, पूर्णिया निवासी) के साथ मिलकर इस संगठित गिरोह का संचालन करते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर साहिल कुमार के घर पर भी छापेमारी की, जहां से सिपाही भर्ती परीक्षा के कई और अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड बरामद किए गए हैं।

इस संबंध में कुर्सेला थाना में कांड संख्या-285/26 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कटिहार पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह