Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सारण, 19 जुलाई (हि.स.)। छपरा विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मी नारायण ब्राह्मण उच्च विद्यालय मोहन नगर तथा जिला स्कूल में सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय का शुभारंभ आज किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक छोटी कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ऑनलाइन संबोधन को सुना और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक और दूरदर्शी परिवर्तन ला रही है। आदर्श विद्यालय योजना सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक आधारभूत संरचना और डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि छपरा के बच्चों का उज्ज्वल भविष्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सरकार हर बच्चे को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उक्त कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस महत्वाकांक्षी अभियान का स्वागत किया। विधायक ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री द्वय विजय कुमार चौधरी व विजेंद्र प्रसाद यादव तथा शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार