Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बीकानेर, 19 जुलाई (हि.स.)। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर नेशनल हाईवे-11 पर बस और बोलेरो की आमने-सामने की भिड़ंत में बुआ-भतीजी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि हादसा रविवार दोपहर करीब तीन बजे बीकानेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। बीकानेर से जयपुर जा रही एक निजी बस की सामने से आ रही बोलेरो से आमने-सामने टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि बोलेरो में सवार एक परिवार तौलियासर भैरूजी के दर्शन कर नापासर के गुंसाईसर लौट रहा था। दुर्घटना में बोलेरो चालक दानीराम (45), मेघा (16) और पांच वर्षीय शिवांगी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बोलेरो सवार आठ अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। घायलों में अमिता और निधि की पहचान हो चुकी है, जबकि दो वर्षीय बच्चे सहित अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल