आउटसोर्स सेवाओं पर नए नियमों से युवाओं के रोजगार के अवसर घटेंगे : भाजपा
शिमला, 19 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश सरकार की आउटसोर्स सेवाओं से जुड़े संशोधित निर्देशों को लेकर कांग्रेस सरकार पर युवाओं के रोजगार के अवसर कम करने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि सरकार रोजगार के न
भाजपा नेता संजीव कटवाल


शिमला, 19 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश सरकार की आउटसोर्स सेवाओं से जुड़े संशोधित निर्देशों को लेकर कांग्रेस सरकार पर युवाओं के रोजगार के अवसर कम करने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि सरकार रोजगार के नए अवसर पैदा करने के बजाय उपलब्ध अवसरों को भी सीमित कर रही है।

कटवाल ने रविवार को जारी बयान में कहा कि 11 जून को वित्त विभाग की ओर से जारी संशोधित निर्देशों में यह व्यवस्था की गई है कि वित्त विभाग की पूर्व स्वीकृति के बिना कोई नई आउटसोर्स सेवा नहीं ली जा सकेगी। उन्होंने कहा कि निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आउटसोर्स व्यवस्था का उपयोग केवल अस्थायी और सीमित जरूरतों के लिए किया जाएगा। उनके अनुसार इन बदलावों से आउटसोर्स व्यवस्था के माध्यम से काम कर रहे हजारों युवाओं के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ेगी।

भाजपा नेता ने दावा किया कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2017 से 2022 के बीच विभिन्न विभागों में 30 हजार से अधिक सरकारी भर्तियां पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए की गई थीं।

उन्होंने कहा कि इससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिला था।

कटवाल ने आरोप लगाया कि मौजूदा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विभिन्न विभागों में हजारों नियमित पद अब भी खाली हैं, लेकिन उन्हें भरने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार विधानसभा में स्वीकार कर चुकी है कि प्रदेश में 1,800 से अधिक सरकारी संस्थानों को बंद, डिनोटिफाई या मर्ज किया गया है। उनके अनुसार इससे भी रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि अब आउटसोर्स सेवाओं पर कड़े नियम लागू होने से युवाओं के लिए उपलब्ध अवसर और कम हो जाएंगे।

उन्होंने कांग्रेस के चुनावी वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने हर वर्ष एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था।

कटवाल ने सवाल उठाया कि अब तक कितनी सरकारी नौकरियां दी गई हैं, विभिन्न विभागों में खाली नियमित पदों पर भर्ती कब शुरू होगी और यदि आउटसोर्स सेवाओं पर भी नए प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं तो युवाओं को रोजगार किस माध्यम से मिलेगा।

कटवाल ने कहा कि भाजपा युवाओं के रोजगार के मुद्दे को उठाती रहेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से सभी रिक्त नियमित पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा