करंट लगने से बिजली मिस्त्री की मौत,विभाग पर लापरवाही का आरोप
अररिया 19 जुलाई(हि.स.)।जिले के बटुरबाड़ी गांव में बिजली मरम्मत के दौरान करंट लगने से रविवार को एक मिस्त्री की मौत हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित
अररिया फोटो:पोस्टर्टम हाउस के पास जमा भीड़


अररिया 19 जुलाई(हि.स.)।जिले के बटुरबाड़ी गांव में बिजली मरम्मत के दौरान करंट लगने से रविवार को एक मिस्त्री की मौत हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

मृतक की पहचान अररिया सदर प्रखंड के किस्मत खवासपुर वार्ड संख्या 15 निवासी 42 वर्षीय मोहम्मद रुस्तम अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल रुस्तम अंसारी को सदर अस्पताल अररिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पंचायत के पूर्व मुखिया मोहम्मद शोएब आलम ने बताया कि रुस्तम अंसारी पिछले 15 वर्षों से बिजली मिस्त्री का काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि रविवार को रुस्तम बिजली के खंभे पर मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन लेकर चढ़े थे। आरोप है कि काम के दौरान ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे उन्हें करंट लगा और उनकी मौत हो गई।पूर्व मुखिया शोएब आलम ने बिजली विभाग की लापरवाही को घटना का मुख्य कारण बताया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के तीन घंटे बाद तक विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही पीड़ित परिवार को कोई सहायता दी गई। उन्होंने विभाग से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले पर बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसी और शटडाउन से जुड़े विभाग से पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर