Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नैनीताल, 19 जुलाई (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा संचालित ‘मिशन ग्रीन’ अभियान से जुड़ते हुए प्रसिद्ध एस्ट्रो टेरोलॉजिस्ट एवं विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा नंदिता पांडे ने रविवार को डीएसबी परिसर नैनीताल में वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल आर्य द्वारा उपलब्ध कराए गए बुरांश, बांज, देवदार और पद्म के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर वर्ष 1994 में कुमाऊं विश्वविद्यालय से भूगर्भ विज्ञान (एमएससी जियोलॉजी) की पढ़ाई पूरी कर चुकीं नंदिता पांडे ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हरित वातावरण कार्बन अवशोषण में सहायक होता है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पौधे लगाना प्रत्येक व्यक्ति का श्रेष्ठ दायित्व है।
वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं एलुमनी सेल के महासचिव प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को प्रकृति के महत्व और उसके प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाने का भी सशक्त अवसर है।
इस अवसर पर डॉ. मौलश्री जोशी, वसुंधरा, दीपशिखा ओली, मोहित खाती और लीला सहित अन्य लोगों ने भी पौधारोपण में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान नंदिता पांडे को पौधों का फ्लायर भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी