Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बक्सर, 19 जुलाई (हि.स.)।
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी 'सात निश्चय-3' योजना के अंतर्गत जिले में 11 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) शुरू किए गए। राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 551 आदर्श विद्यालयों का शुभारंभ किया।
बक्सर में एमपी हाई स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी साहिला ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सहभागिता की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न प्रखंडों के विधायक एवं स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सरकार के अनुसार, 'उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य' नीति के तहत प्रत्येक प्रखंड में एक आदर्श विद्यालय स्थापित किया गया है। इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, समृद्ध पुस्तकालय, आधुनिक कक्षाएं, स्वच्छ शौचालय और विशेष कोचिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही शिक्षकों की पारदर्शी प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है।
योजना के तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल-कूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया गया है। वहीं, जीविका दीदियों के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए विशेष पोशाक उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। सरकार का दावा है कि यह पहल सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ छात्रों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra