Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नूंह, 19 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एवीटी एवं माइनिंग स्टाफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना पुनहाना क्षेत्र से अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है।
पुलिस द्वारा रविवार को दी गई जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान जब्त किए गए छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में से चार में अवैध रूप से अरावली क्षेत्र का पत्थर भरा हुआ मिला, जबकि दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में 20 एमएम जीरा रोड़ी लदी हुई थी। टीम ने संबंधित वाहन चालकों से खनिज सामग्री से जुड़े वैध दस्तावेज एवं बिल प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई भी चालक आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं करा सका।
दस्तावेजों के अभाव और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर सभी छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत इम्पाउंड कर थाना सिटी पुनहाना में खड़ा कराया गया। साथ ही पूरे मामले की सूचना सिविल माइनिंग विभाग को दे दी गई है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए वाहनों को सीज किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया