उज्जैन: शिप्रा नदी में डूब रहे प्रयागराज के दो श्रद्धालुओं की होमगार्ड और एसडीआरएफ ने बचाई जान
उज्जैन , 19 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उज्‍जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद शिप्रा नदी में स्नान करने उतरे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो श्रद्धालु रविवार शाम अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर तैनात एसडीआरएफ और हो
A Home Guard rescued two pilgrims from Prayagraj who were drowning in the Shipra River.


उज्जैन , 19 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उज्‍जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद शिप्रा नदी में स्नान करने उतरे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो श्रद्धालु रविवार शाम अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर तैनात एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों की तत्परता से दोनों युवकों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, प्रयागराज निवासी शिवा केसरी (19) और विकास केसरी (17) महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद रामघाट स्थित आरती स्थल पर स्नान कर रहे थे। स्नान के दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगे।

जवानों ने बिना देर किए लगाई छलांग

घटना को देखते ही घाट पर ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ जवान राजेंद्र रॉगोटा और होमगार्ड जवान विजय दायम ने तत्काल शिप्रा नदी में छलांग लगा दी। दोनों जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

टली बड़ी दुर्घटना

समय रहते राहत एवं बचाव अभियान शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया। दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उनकी हालत सामान्य पाई गई। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जवानों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि शिप्रा नदी में स्नान के दौरान निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही रहें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल