Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 19 जुलाई (हि.स.)। राघोपुर थाना कि पुलिस ने वर्ष 2021 में 2600 लीटर अंग्रेजी शराब बरामदगी मामले में पांच वर्षों से फरार चल रहे नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को मुजफ्फरपुर जिले से दबोचकर राघोपुर लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के खरिका वार्ड संख्या-2 निवासी रमेश राय के 30 वर्षीय पुत्र ललन कुमार उर्फ लालबाबू के रूप में हुई है।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि वर्ष 2021 में किसान चौक स्थित एनएच-106 पर एक ट्रक से करीब 2600 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी।
इस मामले में मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि प्राथमिकी में नामजद दो आरोपियों ने बाद में न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। वहीं ललन कुमार उर्फ लालबाबू घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने पर अनुसंधानकर्ता अमिया प्रशुन, एएसआई सुधीर कुमार सिंह एवं पुलिस बल की टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के खरिका गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
रविवार सुबह करीब छह बजे आरोपी को राघोपुर थाना लाया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र