Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सिरसा, 19 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने जिले के डबवाली शहर में सक्रिय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से एक हथियार भी बरामद किया गया है। आरोपी महिलाएं पंजाब के बठिंडा की है और उनके खिलाफ पंजाब व डबवाली में चोरी के केस दर्ज हैं।
आरोपी महिलाओं ने चोरी करते रंगे हाथ पकड़े जाने पर स्थानीय पार्षद के कपड़े फाड़ दिए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि डबवाली के बीएसएनएल मोबाइल टावर से पैनल बोर्ड एवं बिजली की तारें चोरी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटना के दौरान पार्षद दीपक कुमार एवं मोहल्ला निवासियों ने साहस दिखाते हुए महिलाओं को मौके पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया बीएसएनएल टावर का पैनल बोर्ड, बिजली की तारें तथा एक तेजधार दाती बरामद की। शिकायत के आधार पर थाना शहर डबवाली में मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार महिलाओं में से 6 महिलाओं के खिलाफ पंजाब के लुधियाना, तलवंडी साबो एवं बठिंडा में चोरी के मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि दो महिलाओं के विरुद्ध डबवाली थाना में चोरी के मामले दर्ज हैं, ये सभी महिलाएं भठिंडा (पंजाब) की रहने वाली है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड एवं अन्य राज्यों में सक्रिय नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों एवं वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma