Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। उज्जैन में बाबा महाकालेश्वर के दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे भारतीय सेना के एक जवान की शुक्रवार को सचेण्डी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी, दो बच्चे और चचेरा भाई घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
ककवन क्षेत्र के जूड़ा निवादा निवासी अजय कुमार (36) भारतीय सेना में कोलकाता में तैनात थे और इन दिनों अवकाश पर घर आए हुए थे। वह परिवार के साथ बाबा महाकालेश्वर के दर्शन करने उज्जैन गए थे। दर्शन के बाद उरई रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उनका चचेरा भाई संदीप कार लेकर उन्हें लेने आया था। इसके बाद अजय अपनी पत्नी पूजा, बेटी सोना, बेटे राघव और संदीप के साथ कानपुर के लिए रवाना हुए।
आज तड़के उनकी कार सचेण्डी थाना क्षेत्र में ओरिएंट रिसोर्ट के सामने नेशनल हाईवे पर पहुंची ही थी कि पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार क्षतिग्रस्त होकर हाईवे किनारे जा गिरी। राहगीरों की सूचना पर यूपी-112 और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार से सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनकी पत्नी, दोनों बच्चे और चचेरा भाई घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
पनकी एसीपी अमित चौरसिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप