Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परमवीर चक्र से सम्मानित फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सेखों का अद्भुत शौर्य, अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर अपने संदेश में 1971 युद्ध में दुश्मन जहाजों के परखच्चे उड़ाने वाले, परमवीर चक्र से सम्मानित फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनके अद्भुत शौर्य, देशभक्ति और बलिदान से आज देश का बच्चा-बच्चा प्रेरित है।
उन्होंने कहा कि ऐसे वीर सपूतों का जीवन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने की सीख देता है।
उल्लेखनीय है कि फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों का जन्म 17 जुलाई 1945 को पंजाब के लुधियाना जिले के रुरका (इसेवाल) गांव में हुआ था। सेखों भारतीय वायुसेना के अब तक के एकमात्र अधिकारी हैं जिन्हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया है। 14 दिसंबर 1971 को श्रीनगर एयरबेस की रक्षा करते हुए उन्होंने संख्या में अधिक और आधुनिक पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों का निर्भीकता से सामना किया। उनके पिता, तरलोचन सिंह सेखों भी भारतीय वायु सेना में वारंट ऑफिसर थे। जून 1967 में उन्हें भारतीय वायु सेना में पायलट के रूप में कमीशन किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी