Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी , 17 जुलाई (हि.स.)। कर्रा प्रखंड के चुरले गांव में शुक्रवार की शाम खतियानी जमीन जोतने के प्रयास को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रशासन और पुलिस की तत्परता से समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई।
स्थानीय लाेगाें से मिली जानकारी के अनुसार, चुरले गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष तीन ट्रैक्टरों के साथ गांव स्थित खतियानी भूमि जोतने पहुंचे। बताया जाता है कि यह जमीन गौरीनाथ एवं धर्मनाथ के वंशजों की खतियानी भूमि है। जमीन जोतने के प्रयास का संयुक्त सरना सनातन के सदस्यों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान आरोप है कि कुछ महिलाओं ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की।
तनाव बढ़ता देख बीच-बचाव के लिए मनोज कुमार मिश्रा और कृष्णानंद शर्मा आगे आए। आरोप है कि इससे नाराज कुछ ग्रामीणों ने दोनों को घेर लिया, उन्हें जमीन पर पटक दिया और फरसा से हमला करने का प्रयास किया। हालांकि संयुक्त सरना सनातन के सदस्यों, प्रशासनिक अधिकारियों और मौके पर मौजूद पुलिस बल की सक्रियता से स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया गया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि भूमि विवाद का समाधान कानून के दायरे में किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा