Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 17 जुलाई (हि.स.)।
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
आगामी 19 जुलाई को तीन पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर समाहरणालय आयोजित बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने की। इस अवसर पर उन्होंने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधा, समयबद्ध संचालन और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी जारी किया गया। एसडीओ कुमार रजत ने कहा कि निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करते हुए परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हजारों अभ्यर्थियों की भागीदारी वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पारदर्शी, अनुशासित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, भूमि सुधार उप समाहर्ता बुंडू छविबाला बारला सहित परीक्षा से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar