Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में महिलाओं के खिलाफ अपराध के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं।
एक मामले में 25 वर्षीय महिला ने गांव के युवक पर बहला-फुसलाकर सुनसान नाले के पास ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे मामले में 38 वर्षीय महिला ने दो युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में पीड़ित ने शिकायत में बताया कि गांव का एक युवक उसे बहाने से नाले की ओर ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने और घटना की जानकारी किसी को देने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ 87, 64(2)(एच), 115 (2), 351(3) बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरे मामले में 38 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि गांव के दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर आरोपितों ने उसके बेटे के साथ मारपीट की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में मौके से फरार आरोपितों के खिलाफ 70 (1), 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक