Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हुगली, 14 जुलाई (हि. स.)। आगामी श्रावणी मेला 2026 के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को हुगली जिले के बैद्यबाटी स्थित कनाईदेवान घाट पर जल एम्बुलेंस (वॉटर एम्बुलेंस) सेवा का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बैद्यबाटी के विधायक दिलीप सिंह, हुगली के अपर जिलाधिकारी (जिला परिषद) अनुज प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमओएच) डॉ. मृगांक मौली कर, चंदननगर के एसडीओ आशुतोष कुमार, श्रीरामपुर के एसडीओ सोमभूद्वीप सरकार, डीएमडीसी समीरन भट्टाचार्य, नवदीप्त मंडल सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों और तारकेश्वर की ओर आते हैं। ऐसे में किसी भी जलमार्ग संबंधी आपात स्थिति या चिकित्सकीय आवश्यकता के दौरान त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जल एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है।
प्रशासन का कहना है कि इस पहल से मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा जरूरत पड़ने पर मरीजों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय