Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

उरई, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की। उन्होंने परिवहन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और नगर निकायों सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने परिवहन विभाग और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन संचालित करने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने तथा तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। ऐसे वाहन चालकों का चालान करने के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने सभी अवैध कट तत्काल चिन्हित कर बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा अवैध रूप से कट खोलता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों की बड़ी वजह अवैध कट हैं और इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर खराब अथवा लंबे समय से खड़े निष्क्रिय वाहनों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खड़े ऐसे वाहन दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं और यातायात व्यवस्था को बाधित करते हैं, इसलिए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद, क्षेत्राधिकारी राजीव शर्मा, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अमित सक्सेना, महेन्द्र सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा