Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मथुरा, 14 जुलाई (हि.स.)। गोवर्धन में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले मुड़िया मेले के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1100 बसों का संचालन किया जाएगा। हर साल करोड़ों श्रद्धालु गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने गोवर्धन पहुंचते हैं।
ये बसें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए संचालित होंगी। इन्हें आवश्यकतानुसार विभिन्न रूटों पर लगाया जाएगा, ताकि श्रद्धालु आसानी से मथुरा और गोवर्धन पहुंच सकें। मेले के दौरान बसों के अतिरिक्त फेरे भी लगाए जाएंगे और प्रमुख बस स्टैंडों तथा मेला क्षेत्र में अधिकारियों की विशेष ड्यूटी रहेगी। परिवहन निगम ने बसों की तकनीकी जांच, चालक-परिचालकों की तैनाती और परिचालन व्यवस्था संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जा रहे हैं, जहां से बसों के संचालन की लगातार निगरानी की जाएगी। प्रमुख मार्गों पर बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
एआरएम कमल किशोर आर्य ने मंगलवार काे बताया कि परिवहन निगम गुरु पूर्णिमा मुड़िया मेले के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने पुष्टि की कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1100 बसों की व्यवस्था की गई है, जो कई जनपदों और प्रमुख मार्गों पर संचालित होंगी। सभी बसों की फिटनेस जांच की जा रही है और चालक-परिचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध परिवहन सुविधा मिल सके। आर्य ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल अधिकृत रोडवेज बसों का ही उपयोग करें। किसी भी असुविधा की स्थिति में रोडवेज अधिकारियों या कंट्रोल रूम से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार