Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के तैय्यब अली क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में मंगलवार को तेल मालिश कराने पहुंचे 64 वर्षीय वृद्ध की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई है।
ओमती थाना पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आरबी सिंह (64) के रूप में हुई है। मंगलवार को वह तैय्यब अली स्थित विधि स्पा सेंटर में तेल मालिश कराने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई।
स्पा सेंटर में मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने साथ घर ले गए।
स्पा सेंटर के संचालक तरुण दीक्षित ने बताया कि वृद्ध की तबीयत बिगड़ते ही उनके परिजनों को सूचना देने के साथ ओमती थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई थी। उनके अनुसार, परिजनों ने लिखित आवेदन देकर बताया कि मृतक लंबे समय से बीमार थे और इसी कारण उन्होंने पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताई।
वहीं, ओमती थाना पुलिस का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई औपचारिक सूचना या आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक