Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुकमा, 14 जुलाई (हि.स.)।सुकमा जिले के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज मंगलवार को निवर्तमान पुलिस अधीक्षक आईपीएस किरण चव्हाण के सम्मान में गरिमामय विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने चव्हाण के कार्यकाल को याद करते हुए उनके नेतृत्व, कार्यशैली और जिले में दिए गए योगदान की सराहना की। समारोह के दौरान अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए, केक काटकर सम्मान व्यक्त किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसी अवसर पर जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक आईपीएस मयंक गुर्जर का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
नवपदस्थ एसपी मयंक गुर्जर ने आज मंगलवार को सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक का विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के दौरान निवर्तमान एसपी किरण चव्हाण ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल एवं प्रभावी कार्यकाल की कामना की। समारोह में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
पूर्व में नक्सल प्रभावित और अत्यंत संवेदनशील माने जाने वाले सुकमा जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी अब आईपीएस मयंक गुर्जर के हाथों में होगी। कार्यक्रम में कलेक्टर अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर, डीएफओ अक्षय भोंसले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह सहित जिले के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पूरे समारोह का माहौल भावनात्मक होने के साथ-साथ नए नेतृत्व के स्वागत और बेहतर प्रशासनिक समन्वय के संकल्प का भी प्रतीक बना।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे