बलरामपुर : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से सुलझी बुजुर्ग की पेंशन की समस्या, 7 माह की लंबित राशि खाते में पहुंची
बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)।मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत का त्वरित निराकरण होने से ग्राम जरहाडीह निवासी धुरन प्रजापति को आज मंगलवार करीब 6-7 माह से लंबित सामाजिक सहायता पेंशन की पूरी राशि मिल गई। बैंक खाते में तकनीकी समस्या के कारण लंबे समय
लाभार्थी किसान।


बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)।मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत का त्वरित निराकरण होने से ग्राम जरहाडीह निवासी धुरन प्रजापति को आज मंगलवार करीब 6-7 माह से लंबित सामाजिक सहायता पेंशन की पूरी राशि मिल गई। बैंक खाते में तकनीकी समस्या के कारण लंबे समय से पेंशन का भुगतान नहीं हो पा रहा था, जिसे दूर कर राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में भेज दी गई।

धुरन प्रजापति के पुत्र अंकज कुमार प्रजापति ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर बताया था कि उनके पिता को सामाजिक सहायता पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित विभाग ने मामले की जांच की।

जांच में पता चला कि हितग्राही के बैंक खाते में तकनीकी समस्या होने के कारण पिछले 6-7 माह से पेंशन की राशि अटकी हुई थी। विभाग ने बैंक से समन्वय कर समस्या का समाधान कराया, जिसके बाद जून 2026 तक की लंबित सामाजिक सहायता पेंशन की पूरी राशि डीबीटी के माध्यम से हितग्राही के खाते में जमा कर दी गई।

पेंशन की राशि मिलने के बाद धुरन प्रजापति और उनके परिवार ने खुशी जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान हुआ और उन्हें शासन की सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ मिल सका।

जिला प्रशासन के अनुसार, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है। हेल्पलाइन आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है, जिससे पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय