Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कठुआ, 14 जुलाई (हि.स.)। जीडीसी महानपुर की बी.ए छठे सेमेस्टर की छात्रा प्रीति सुम्ब्रिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जम्मू विश्वविद्यालय के बी.ए (कला संकाय) परीक्षा परिणाम में ओवरऑल 10वां स्थान हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि कॉलेज के इतिहास में पहली बार दर्ज हुई है।
प्रीति ने छठे सेमेस्टर में 435 अंक (87 प्रतिशत) तथा कुल 2492 अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय के टॉप विद्यार्थियों में स्थान बनाया। उन्होंने अर्थशास्त्र को मेजर और समाजशास्त्र को माइनर विषय के रूप में लिया था। शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ प्रीति सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रहीं।
कॉलेज के एनएसएस यूनिट से जुड़कर उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और उत्कृष्ट सेवा के लिए बेस्ट एनएसएस वॉलंटियर अवॉर्ड भी प्राप्त किया। कॉलेज की प्राचार्य डाॅ संगीता सूदन ने इस उपलब्धि पर प्रीति को बधाई देते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया तथा शिक्षकों के योगदान की सराहना की। कॉलेज परिवार ने प्रीति सुम्ब्रिया को इस सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया