Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जौनपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पराऊगंज चौकी क्षेत्र के चंवरी बाजार स्थित सोनकर बस्ती में विवाहिता का शव कमरे के भीतर फंदे से लटका मिला। सूचना पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में मंगलवार को जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय ने बताया कि क्षेत्र के सोनकर बस्ती निवासी राजेंद्र सोनकर की पत्नी पूनम सोनकर (25) अपने बेडरूम में सोमवार रात फंदे से लटकी मिलीं। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार केराकत अजीत कुमार, थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह और पराऊगंज चौकी प्रभारी संतोष यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मायके जाने की बात को लेकर पिछले दो दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव