Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में भारतीय नकली मुद्रा की तस्करी के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से 700 रुपये की नकली भारतीय मुद्रा एवं 4,110 रुपये की वास्तविक मुद्रा बरामद हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक श्रीकान्त राय ने मंगलवार काे बताया कि थाना दुबग्गा पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा के अवैध कारोबार में संलिप्त एक वांछित ठाकुरगंज निवासी सुधीर यादव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 500 रुपये का एक एवं 100 रुपये के दो, कुल 700 रुपये के नकली भारतीय नोट बरामद हुए। नकली नोटों को बाजार में खपाकर अर्जित की गई 4,110 रुपये की वास्तविक भारतीय मुद्रा भी बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त से की गई पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नकली भारतीय मुद्रा को विभिन्न स्थानों पर कम कीमत पर लोगों को उपलब्ध कराता था। बाजार, दुकानों एवं शराब की दुकानों सहित अन्य स्थानों पर भी अवसर मिलने पर नकली नोटों को असली मुद्रा के रूप में चलाता था।
अभियुक्त ने यह भी बताया कि नकली नोटों के प्रचलन से प्राप्त वास्तविक धनराशि से वह अपना एवं अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 4,110 रुपये की वास्तविक भारतीय मुद्रा, जिसे अभियुक्त ने नकली नोट चलाकर प्राप्त करना स्वीकार किया, भी बरामद कर नियमानुसार सील कर सुरक्षित कर लिया गया। अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक