Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 14 जुलाई (हि.स.)।
शाहपुर में रैत स्थित बीडीओ कार्यालय परिसर के समिति हाल में उद्योग विभाग द्वारा रैंप योजना के अंतर्गत मंगलवार को एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों, बीबीए विद्यार्थियों तथा एमएसएमई इकाइयों से जुड़े लगभग 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा शुरू की गई राजीव गांधी स्टार्टअप योजना युवाओं के लिए स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन रही है और इसकी देशभर में सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बैंकों से गरीब परिवारों की अधिकतम सहायता करने का आह्वान करते हुए उद्योग विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में स्थानीय बैंकों के प्रतिनिधियों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है तथा उद्योग विभाग से ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने को कहा।
कार्यशाला में शिमला से आए जैएम के प्रशिक्षक अविनाश ने प्रतिभागियों को जैम पोर्टल पर पंजीकरण और सरकारी खरीद प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया